आधे-अधूरे निर्माण, जानलेवा गड्ढों और उड़ती धूल से बढ़ी परेशानी; राजेंद्र पटवा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना जगदलपुर(विमलेंदु शेखर...
आधे-अधूरे निर्माण, जानलेवा गड्ढों और उड़ती धूल से बढ़ी परेशानी; राजेंद्र पटवा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा)। शहर के मोतीलाल नेहरू वार्ड अंतर्गत नयापारा क्षेत्र में सड़क निर्माण की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सड़क निर्माण में देरी, जगह-जगह गड्ढों, फैली गिट्टी और उड़ती धूल के कारण क्षेत्र के व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।कांग्रेस के छाया पार्षद एवं शहर अध्यक्ष, जिला कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ राजेंद्र पटवा ने सड़क की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि नयापारा की सड़क अब सुविधा के बजाय हादसों का कारण बनती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य आधा-अधूरा छोड़ दिए जाने से आम लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
पटवा के मुताबिक, सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस द्वारा पूर्व में विरोध प्रदर्शन और धरना दिया गया था। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू तो हुआ, लेकिन उनका आरोप है कि कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के बजाय सड़क के एक हिस्से में गिट्टी-बजरी डालकर छोड़ दिया गया है। वहीं कई स्थानों पर गड्ढों और बिखरी निर्माण सामग्री के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय व्यापारियों की परेशानी का जिक्र करते हुए राजेंद्र पटवा ने कहा कि दिनभर उड़ने वाली धूल से दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। दुकानों में रखा सामान धूल से खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं क्षेत्रवासियों को भी प्रदूषण और धूल के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क पर फैली गिट्टी और अधूरे निर्माण के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से खतरा बना हुआ है। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर सड़क की स्थिति ऐसी है कि वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ रहा है।
राजेंद्र पटवा ने स्थानीय भाजपा जनप्रतिनिधियों और वार्ड पार्षद की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता और व्यापारी लगातार परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की समयसीमा और निर्माण में हो रही देरी को लेकर जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाना चाहिए और तब तक धूल तथा यातायात संबंधी समस्याओं से राहत के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
राजेंद्र पटवा ने शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नयापारा सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा नहीं किया गया और क्षेत्रवासियों को धूल, गड्ढों एवं अधूरे निर्माण से राहत नहीं मिली, तो कांग्रेस व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


No comments