शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने खिलाड़ियों से किया परिचय, खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने का किया आह्वान जगदलपुर (विमलेंदु शेखर...
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने खिलाड़ियों से किया परिचय, खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने का किया आह्वान
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। स्व. सिद्धार्थ मिश्रा की स्मृति में जिला फुटबॉल संघ (डीएफए) द्वारा आयोजित डीएफए ट्रॉफी लीग कप नॉकआउट फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने पर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राणा घोष एवं पदाधिकारियों ने सुशील मौर्य का स्वागत किया। इसके बाद श्री मौर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता के मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना और अनुशासन के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सुशील मौर्य ने कहा कि फुटबॉल जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्व. सिद्धार्थ मिश्रा की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ स्थानीय युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि स्थानीय खिलाड़ियों को लगातार बेहतर मंच, सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले। इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में शांतिनगर पार्षद जस्टिन भवानी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गौरनाथ नाग, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, सचिव मोहसिन खान सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राणा घोष, सचिव राजेश राव, आयोजन समिति, रेफरी, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए डीएफए की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता बताई।



No comments