जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा) : एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) कोड़ेनार, विकासखण्ड बास्तानार, जिला बस्तर में एसडीएम एवं जनपद सीईओ द्वारा ...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा) : एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) कोड़ेनार, विकासखण्ड बास्तानार, जिला बस्तर में एसडीएम एवं जनपद सीईओ द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। अचानक हुए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, कक्षाओं का संचालन, स्वच्छता, अनुशासन, भोजन व्यवस्था एवं बालक-बालिका छात्रावास सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की समस्त व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं संतोषजनक पाई गईं। विद्यार्थियों के लिए बनाए गए अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को देखकर अधिकारियों ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की तथा विद्यालय प्रबंधन की मुक्तकंठ से सराहना की।
एसडीएम एवं सीईओ ने प्राचार्य जी. शिवा रेड्डी, समस्त शिक्षकीय स्टाफ, बालक एवं बालिका छात्रावास के अधीक्षक तथा समस्त सहयोगी स्टाफ की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पित कार्यशैली की प्रशंसा की। अधिकारियों ने कहा कि विद्यालय में स्वच्छता, शिक्षा, अनुशासन एवं विद्यार्थियों की देखभाल का उत्कृष्ट समन्वय दिखाई देता है, जो अन्य संस्थानों के लिए भी अनुकरणीय है।
आकस्मिक निरीक्षण में विद्यालय की व्यवस्थाओं के उत्कृष्ट पाए जाने से विद्यालय परिवार का उत्साह बढ़ा। प्राचार्य जी. शिवा रेड्डी ने अधिकारियों के निरीक्षण एवं उत्साहवर्धन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए इसी समर्पण के साथ निरंतर कार्य करता रहेगा।



No comments