जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय और नंदी फाउंडेशन, हैदराबाद के बीच विद्यार्थियों को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल, सॉफ्ट स्किल एवं व्य...
जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय और नंदी फाउंडेशन, हैदराबाद के बीच विद्यार्थियों को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल, सॉफ्ट स्किल एवं व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से सोमवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव तथा नंदी फाउंडेशन के श्री अक्षय कुमार, पुष्पेंद्र साहू, डॉ. समीर ठाकुर और डॉ. कुश नायक उपस्थित रहे।
एमओयू के तहत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विशेष इम्प्लॉयबिलिटी स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम संचालित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक प्रो. स्वपन कुमार कोले ने बताया कि नंदी फाउंडेशन द्वारा सितंबर माह में विद्यार्थियों के लिए छह दिवसीय सॉफ्ट स्किल एवं रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और कार्यस्थल पर आवश्यक व्यवहारिक दक्षताओं को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका लाभ विशेष रूप से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों और रोजगार की तैयारी कर रहे युवाओं को मिलेगा।
कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री रोजगार के लिए पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान के साथ संवाद कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, समस्या समाधान और कार्यस्थल से जुड़ी व्यवहारिक दक्षताओं का विकास भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नंदी फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को उद्योग और रोजगार क्षेत्र की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विश्वविद्यालय और फाउंडेशन के इस संयुक्त प्रयास से विद्यार्थियों को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।


No comments