जगदलपुर: भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि कांग्रेस अब “मां का अपमान करने वाली पार्टी” के रूप मे...
जगदलपुर: भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि कांग्रेस अब “मां का अपमान करने वाली पार्टी” के रूप में पहचानी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राजद की संयुक्त जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गवासी माताजी को लेकर अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जिसकी पूरे देशभर में कड़ी निंदा हो रही है।
मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में साहू ने कहा कि इस प्रकार की राजनीति लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से देश के समक्ष सार्वजनिक माफी की मांग की। साहू ने याद दिलाया कि यह परंपरा नई नहीं है, सोनिया गांधी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को “मौत का सौदागर” कहकर अभद्रता की शुरुआत की थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को लगातार तीसरी बार जनता का जनादेश मिला है और वे देश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी द्वारा ‘तू-तड़ाक’ की भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक गरिमा के विपरीत है। साहू ने चेतावनी दी कि बिहार की जनता कांग्रेस को इस अभद्रता का जवाब जरूर देगी।
प्रदेश मंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस की राजनीति आने वाली पीढ़ी के लिए गलत संदेश दे रही है। मोदी विरोध की आड़ में कांग्रेस सेना, संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका तक पर सवाल खड़े कर रही है। साहू ने आरोप लगाया कि विपक्ष विदेशी ताकतों के इशारे पर अराजकता फैलाने की साजिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता के बाद कांग्रेस नेताओं की भाषा पाकिस्तान की भाषा से मेल खा रही है, जिसे देश और दुनिया देख रही है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।



No comments