जगदलपुर: दीपावली पर्व के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले फुटकर व्यापारियों को नगर निगम जगदलपुर ने हाता ग्राउंड के भीतर बिक्री की अनुम...
जगदलपुर: दीपावली पर्व के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले फुटकर व्यापारियों को नगर निगम जगदलपुर ने हाता ग्राउंड के भीतर बिक्री की अनुमति दी है। यह निर्णय महापौर संजय पांडे एवं मेयर इन काउंसिल के सदस्यों की सहमति से, बस्तर जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स की मांग पर लिया गया है।
राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने बताया कि हाता ग्राउंड एक खेल मैदान है, था और रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैदान को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचने दी जाएगी। दीपावली पर्व के दौरान ग्रामीण जनों द्वारा अपने स्वनिर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए नगर निगम की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे उनकी आजीविका को सम्मानपूर्वक समर्थन मिले।
महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं और निर्णय:
हाता ग्राउंड के संरक्षण हेतु विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
ग्राउंड के अंदर किसी भी वाहन का प्रवेश पूर्णतः निषेध रहेगा।
पार्किंग की व्यवस्था ग्राउंड के बाहर की जाएगी।
ग्रामीण व्यापारियों के बैठने और बिक्री के लिए नगर निगम द्वारा नियत स्थान उपलब्ध कराए जाएंगे।
दीपावली पर्व से संबंधित सामग्री केवल ग्राउंड की सीढ़ियों के किनारे-किनारे लगाई जा सकेगी।
मैदान में बल्ली गाड़ना, गड्ढा खोदना या कोई स्थायी ढांचा बनाना प्रतिबंधित रहेगा।
राणा ने कहा, दीपावली का पर्व हम सभी मिलकर मनाएंगे। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने यह भी बताया कि फुटकर विक्रेताओं को यह अनुमति केवल दीपावली तक दी गई है। पर्व के बाद खेल आयोजक समिति को नियमानुसार मैदान का आधिपत्य सौंप दिया जाएगा।
नगर निगम की ओर से पानी टैंकर, मोबाइल टॉयलेट और विद्युत व्यवस्था की भी समुचित तैयारी की गई है ताकि दीपावली पर्व सुचारू और स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो सके।
No comments