जगदलपुर: बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा शुक्रवार को संभाग मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशी...
जगदलपुर:
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा शुक्रवार को संभाग मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और भ्रष्टाचार अब एक दूसरे के पर्याय बन चुके हैं।
सुशील मौर्य ने बताया कि वैकल्पिक बायपास सड़क जो आनंद ढाबा के सामने ज्योति नर्सरी, हाटकचोरा से करकापाल तक बनाई गई में कुल 8 करोड़ 66 लाख 44 हजार रुपए का घोर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि इस सड़क की स्वीकृति कांग्रेस सरकार के समय दी गई थी, लेकिन भाजपा सरकार के दौरान इसके निर्माण में जमकर बंदरबांट किया गया।
उन्होंने आगे कहा कि सड़क बने अभी चार महीने भी पूरे नहीं हुए और उस पर गड्ढे बनना शुरू हो गया है। भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए भाजपा सरकार ने भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है ताकि सड़क की वास्तविक स्थिति जनता के सामने न आ सके।
कांग्रेस नेता मौर्य ने सवाल उठाया कि जब पूर्व में साढ़े तीन मीटर चौड़ी सड़क पर भारी वाहनों का परिचालन होता था, तो 8 करोड़ से अधिक की लागत से बनी इस नई सड़क पर भारी वाहन क्यों नहीं चल पा रहे हैं? इसका जवाब भाजपा के मंत्री, सांसद और स्थानीय विधायक को जनता के बीच आकर देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की इस पूरी प्रक्रिया में पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों और भाजपा नेताओं की मिलीभगत से जनता के धन का दुरुपयोग किया गया है।
प्रेसवार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, गौरनाथ नाग, रविशंकर तिवारी, संजय पाणिग्रही, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, कोमल सेना, जावेद खान, पार्षद सूर्यापानी, सुशीला बघेल, जस्टिन भवानी, लोकेश चौधरी, निकेतराज झा, अनुराग महतो, एस. नीला, उस्मान रजा सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
No comments