जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। दिनांक 8 नवम्बर 2025 धान खरीदी सीजन के बीच प्रशासनिक निगरानी तेज हो गई है। शुक्रवार को तोकापाल मुख्य मार्ग पर बि...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। दिनांक 8 नवम्बर 2025
धान खरीदी सीजन के बीच प्रशासनिक निगरानी तेज हो गई है। शुक्रवार को तोकापाल मुख्य मार्ग पर बिना अनुमति कृषि उपज का परिवहन करते एक वाहन को प्रशासनिक टीम ने पकड़कर बड़ी कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन (क्रमांक CG 17 H 2068) बास्तानार बाजार से धान, मक्का और कोदो-कुटकी (कोसरा) लोड कर जगदलपुर की ओर जा रहा था। संदेह होने पर प्रशासनिक अमले ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें 44 बोरी धान, 32 बोरी मक्का और 6 बोरी कोदो-कुटकी बरामद हुई।
मौके पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार तोकापाल, राजस्व निरीक्षक केशलूर और पटवारी रायकोट मौजूद थे। जब वाहन चालक से परिवहन से संबंधित दस्तावेज़ और मंडी रसीद मांगी गई, तो वह धान के लिए कोई भी वैध प्रमाणपत्र या रसीद प्रस्तुत नहीं कर सका।
मंडी सचिव से पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि धान के लिए कोई रसीद जारी नहीं की गई थी, जबकि मक्का के लिए 745 क्विंटल का आज (8 नवम्बर 2025) का रसीद कटा था। आवश्यक दस्तावेज़ प्रस्तुत न कर पाने पर प्रशासन ने अनिल कुमार भूरा और धर्मेंद्र भूरा के विरुद्ध कार्रवाई की है।
प्रशासनिक दल ने चार-चार बोरी का नमूना जब्त कर पूरी गाड़ी को सीज़ किया और उसे मंडी कोपागुड़ा के सुपुर्द कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध परिवहन और खरीदी-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बिना रसीद या अनुमति के कृषि उपज का परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



No comments