Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

33 वर्ष की गौरवशाली सेवा के बाद एएसआई रामेश्वर कश्यप सेवानिवृत्त, पुलिस विभाग ने दी भावपूर्ण विदाई

यह भी पढ़ें -

जगदलपुर:    जिला पुलिस विभाग में तीन दशक से अधिक समय तक अपनी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत करने वाले सहायक उप निरीक...

जगदलपुर:    जिला पुलिस विभाग में तीन दशक से अधिक समय तक अपनी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत करने वाले सहायक उप निरीक्षक श्री रामेश्वर कश्यप को आज भावपूर्ण विदाई दी गई। जिला पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।


श्री कश्यप ने 11 जुलाई 1992 को आरक्षक के रूप में अपनी सेवाओं की शुरुआत की थी। कठोर परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा के आधार पर उन्हें प्रधान आरक्षक (20 जून 2012) और बाद में सहायक उप निरीक्षक (17 दिसंबर 2021) के पद पर पदोन्नति प्राप्त हुई। अपने 33 वर्ष 4 माह 19 दिन के लंबे कार्यकाल में उन्होंने पुलिस विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण और संवेदनशील थाना-चौकियों में उत्कृष्ट सेवाएँ दीं।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सेवा देना श्री कश्यप के कार्यकाल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता रही। बस्तर, दुर्गकोंदल, फ्रेजरपुर/फरसागुड़ा, पतोर, केशकाल, भानपुरी, मासनारा, पुलिस सहायता केंद्र नानगुर और थाना नानगुर जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में उन्होंने धैर्य, शांति और अनुशासन के साथ पुलिसिंग कर विभाग को गौरवान्वित किया।

अपने सेवाकाल में उन्होंने 23 नगद पुरस्कार और 42 प्रशंसा पत्र अर्जित कर अपने उत्कृष्ट कार्य की मिसाल कायम की। उनकी कर्तव्यपरायणता और ईमानदार छवि के कारण वे जिला पुलिस परिवार में आदर्श कर्मी के रूप में पहचाने जाते रहे।

विदाई समारोह में एसपी शलभ कुमार सिन्हा व एएसपी महेश्वर नाग सहित पूरे जिला पुलिस परिवार ने श्री कश्यप की सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। पुलिस विभाग ने कहा कि श्री कश्यप का समर्पण आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बना रहेगा।

No comments