जगदलपुर/चित्रकोट: छत्तीसगढ़ के रसोईया कर्मचारियों के हितों को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। विगत 15 दिसंबर 2025 को चित्रकोट विधायक वि...
जगदलपुर/चित्रकोट:
छत्तीसगढ़ के रसोईया कर्मचारियों के हितों को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। विगत 15 दिसंबर 2025 को चित्रकोट विधायक विनायक गोयल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ रसोईया संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान रसोईया कर्मचारियों से जुड़ी जमीनी समस्याओं पर गंभीर और सार्थक चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष रसोईया कर्मचारियों के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि की मांग, समय पर भुगतान में आ रही व्यावहारिक दिक्कतें तथा बिना ठोस कारण सेवा से हटाए जाने जैसे गंभीर मुद्दे प्रमुखता से उठाए। संघ के सदस्यों ने बताया कि सीमित मानदेय और असुरक्षित कार्य परिस्थितियों के कारण कर्मचारियों को आर्थिक के साथ-साथ मानसिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और रसोईया कर्मचारियों के हितों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दोहराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मानदेय वृद्धि और सेवा सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सरकार शीघ्र सकारात्मक और ठोस निर्णय लेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रसोईया कर्मचारियों के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर रसोईया संघ की ओर से गोमती कश्यप, चंद्रिका, तुलाराम, राजमन, लम्बोदर, लोकनाथ, बनुराम, लक्ष्मण सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। संघ ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में रसोईया कर्मचारियों की स्थिति में ठोस सुधार देखने को मिलेगा।


No comments