सुकमा (विमलेंदु शेखर झा) : नगर पालिका परिषद सुकमा में चल रहे अमृत मिशन 2.0 के तहत पाइपलाइन बिछाने के कार्य को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि और ...
सुकमा (विमलेंदु शेखर झा): नगर पालिका परिषद सुकमा में चल रहे अमृत मिशन 2.0 के तहत पाइपलाइन बिछाने के कार्य को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिरसा मुंडा वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद दीपक नेताम ने आरोप लगाया है कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान ठेकेदार द्वारा कई स्थानों पर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद दीपक नेताम ने बताया कि अमृत मिशन 2.0 योजना के तहत नगर पालिका के विभिन्न वार्डों में पानी की पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, जो कि शहर के लिए आवश्यक है। लेकिन कार्य के दौरान कई सड़कों को खोदकर मिट्टी को उसी स्थान पर छोड़ दिया गया है, जिससे सड़कें बदहाल हो गई हैं। कई स्थानों पर पुरानी पानी पाइपलाइन को तोड़कर ऐसे ही छोड़ दिया गया है, जबकि कुछ जगहों पर खुदाई की मिट्टी नालियों में डाल दी गई है।
उन्होंने कहा कि नालियों में मिट्टी भर जाने के कारण गंदा पानी अब सड़कों पर बहने लगा है, जिससे आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि वार्डों में सफाई कराने के लिए पार्षदों को स्वयं नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों से बार-बार अनुरोध करना पड़ रहा है, जबकि यह ठेकेदार की जिम्मेदारी होनी चाहिए कि वह कार्य पूरा होने के बाद सड़क और नाली की स्थिति को पूर्ववत करे।
पार्षद नेताम ने नगर पालिका के अधिकारियों और अध्यक्ष से मांग की है कि वे सभी वार्डों का निरीक्षण कर पाइपलाइन बिछाने से संबंधित ठेकेदार को सख्त निर्देश दें। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन कार्य के कारण सड़क, नाली और पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है, उनका तत्काल सुधार कराया जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो वार्डवासियों के साथ मिलकर सुकमा कलेक्टर तथा राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री से इसकी शिकायत की जाएगी।


No comments