Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

जनभागीदारी से तैयार होगा जगदलपुर का बजट 2026-27, नगर निगम ने मांगे सुझाव

यह भी पढ़ें -

जगदलपुर:    नगर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका निगम जगदलपुर ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट...

जगदलपुर:   नगर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका निगम जगदलपुर ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार बजट को अधिक जनहितैषी और व्यावहारिक बनाने के लिए निगम प्रशासन ने शहरवासियों से सीधे सुझाव आमंत्रित किए हैं।

नगर निगम ने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी वर्ग, युवाओं, गणमान्य नागरिकों और मीडिया से शहर के विकास से जुड़े सुझाव और प्रस्ताव देने की अपील की है, ताकि बजट शहर की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके।

निगम प्रशासन के अनुसार सड़क, नाली, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, उद्यान विकास, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक परिवहन, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ठोस और व्यवहारिक सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।

इस संबंध में महापौर संजय पाण्डेय ने नगरवासियों से सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि शहर के भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही एक मजबूत, पारदर्शी और जनोन्मुखी बजट तैयार किया जा सकता है। महापौर ने सभी वर्गों से अपने-अपने वार्ड और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार रचनात्मक सुझाव देने का आग्रह किया है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त सुझावों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया जाएगा और उपयोगी सुझावों को बजट निर्माण प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इसके बाद बजट को सामान्य सभा से स्वीकृत कराकर राशि आबंटन के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा। उपलब्ध राशि के आधार पर शहर के विकास कार्यों की रूपरेखा तय की जाएगी।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि वे अपने सुझाव ई-मेल (jagdalpurnagarnigam@yahoo.com), व्हाट्सएप (8839522213) या सीधे महापौर कार्यालय, नगर निगम जगदलपुर में प्रस्तुत कर सकते हैं।

नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि सामूहिक प्रयासों से जगदलपुर को स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में आगे बढ़ाया जा सके।

No comments