तोकापाल (बस्तर): तोकापाल तहसील अंतर्गत ग्राम कुरेंगा में प्रशासन द्वारा की गई तोड़फोड़ कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में विवाद गहराता जा रहा है।...
तोकापाल (बस्तर): तोकापाल तहसील अंतर्गत ग्राम कुरेंगा में प्रशासन द्वारा की गई तोड़फोड़ कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम निवासी बुटलू बघेल के घर पर हुई कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
घटना के विरोध में सैकड़ों ग्रामीण एकजुट होकर तहसील कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई अन्य लोगों द्वारा भी कथित रूप से शासकीय भूमि पर कब्जा किया गया है, लेकिन कार्रवाई केवल एक व्यक्ति के खिलाफ की गई, जो प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैये को दर्शाता है। उनका कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है, तो सभी कब्जाधारियों पर समान रूप से की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर सभी के खिलाफ समान कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गरीब व्यक्ति को निशाना बनाकर की गई इस कार्रवाई से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे आम जनता का भरोसा भी प्रभावित हो रहा है।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संतोष कश्यप, युवा नेता मोहनीश नाग, सुनील कश्यप, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव गोविन्द कश्यप, पितर नाग, पूर्व सरपंच सुकमन कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है।


No comments