जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित जातिगत जनगणना को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा):
केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित जातिगत जनगणना को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर महामंत्री अनुराग महतो ने केंद्र सरकार पर OBC समाज की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जनगणना में OBC वर्ग के लिए अलग कॉलम या कोड का प्रावधान न करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और भेदभावपूर्ण है।
अनुराग महतो ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2026-27 की जनगणना में जातिगत गणना शामिल करने की घोषणा तो की है, लेकिन OBC वर्ग को उसमें उचित स्थान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां SC और ST वर्ग के लिए अलग कॉलम निर्धारित किया गया है, वहीं OBC के लिए ऐसा कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है, जो इस वर्ग के साथ अन्याय को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि OBC समाज देश की आबादी का बड़ा हिस्सा है। बिहार जैसे राज्यों में हुए सर्वे में OBC और EBC की आबादी 60 प्रतिशत से अधिक सामने आई है। ऐसे में यदि जनगणना में इस वर्ग की सटीक गणना नहीं होगी, तो उन्हें आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं में उनके वास्तविक हिस्से से वंचित होना पड़ेगा।
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जनगणना फॉर्म में OBC वर्ग के लिए अलग कॉलम जोड़ा जाए और उनकी उप-जातियों के लिए स्पष्ट कोड तय किए जाएं, ताकि सही आंकड़े सामने आ सकें। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य की OBC सूचियों को मिलाकर एक व्यापक कोड डायरेक्टरी बनाने की भी मांग की।
अनुराग महतो ने 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा हटाकर OBC वर्ग को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण देने की बात भी उठाई। उन्होंने कहा कि जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब SC-ST के लिए अलग कॉलम संभव है, तो OBC के लिए क्यों नहीं? क्या OBC समाज को दूसरे दर्जे का नागरिक माना जा रहा है? कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह इस मुद्दे पर OBC समाज के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर देशव्यापी आंदोलन भी किया जाएगा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही जनगणना फॉर्म में संशोधन कर OBC कॉलम शामिल नहीं किया, तो यह जनगणना OBC समाज के लिए अन्यायपूर्ण साबित होगी और इसका विरोध तेज किया जाएगा।


No comments