जगदलपुर: नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने भाजपा सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है क...
जगदलपुर: नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने भाजपा सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडर सहित कई जनहितकारी मुद्दों पर जनता आज भी परेशान है, जबकि भाजपा नेता केवल बयानबाजी तक सीमित हैं।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद नेताओं ने “रामराज्य” जैसे हालात होने का दावा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि “सुशासन तिहार” के नाम पर लाखों रुपये प्रचार-प्रसार में खर्च किए गए और जनता से कई वादे किए गए, लेकिन उन पर अमल नहीं हुआ।
चौधरी के अनुसार, शिविरों में पट्टा वितरण, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, महतारी वंदन योजना, पेंशन वृद्धि, रोजगार और उज्ज्वला गैस कनेक्शन जैसे मुद्दों पर आवेदन लिए गए थे, परंतु अधिकांश मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने विशेष रूप से गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा सिलेंडर की कमी नहीं होने के दावे किए जा रहे हैं, जबकि आम जनता बुकिंग और वितरण में भारी परेशानियों का सामना कर रही है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि वास्तव में कोई कमी नहीं है तो विधायक, सांसद, महापौर और भाजपा नेता अपने मोबाइल नंबर सार्वजनिक करें और सीधे जनता से संपर्क कर उन्हें सिलेंडर उपलब्ध कराएं।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि महतारी वंदन योजना में नई स्वीकृतियां नहीं दी जा रही हैं और ई-केवाईसी के नाम पर हितग्राहियों को परेशान किया जा रहा है। वहीं पेंशनधारियों को भी समय पर भुगतान नहीं मिल पा रहा, जिससे बुजुर्गों और जरूरतमंदों को दिक्कतें हो रही हैं।
रोजगार के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रतिवर्ष एक लाख नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार इस दिशा में विफल रही है।
अंत में चौधरी ने भाजपा नेताओं से मांग की कि वे तत्काल इन समस्याओं का समाधान करें और जनता को राहत दिलाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाती है तो जनता के बीच जाकर माफी मांगनी चाहिए, न कि नए वादों और प्रलोभनों के साथ उन्हें फिर से भ्रमित करना चाहिए।


No comments