जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): जिले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा):
जिले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने भी बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर विभागीय रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि जिले में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन मिलकर कार्य करेंगे। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग, सड़कों पर अतिक्रमण तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बिना अनुमति रैली या सभा आयोजित करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे शहर में सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके। प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता अनुसार अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आमजन को सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके।


No comments