जगदलपुर: पेट्रोल-डीजल संकट और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नानगुर ने सोमवार को बिल्लौरी पेट्रोल पंप के सामने ज...
जगदलपुर: पेट्रोल-डीजल संकट और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नानगुर ने सोमवार को बिल्लौरी पेट्रोल पंप के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता, किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर विरोध जताया।
कार्यक्रम का आयोजन बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नानगुर अध्यक्ष फूलसिंह बघेल ने किया।
इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार केवल बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत आर्थिक नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे परिवहन खर्च बढ़ गया है और इसका असर खाद्य सामग्री सहित सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर, खाद्य तेल, दाल, चावल और सब्जियों के दाम लगातार बढ़ने से महिलाओं का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। गरीब परिवारों के सामने दो वक्त की रोटी जुटाना भी कठिन होता जा रहा है, लेकिन सरकार प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।
वहीं ब्लॉक अध्यक्ष फूलसिंह बघेल ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता महंगाई के बोझ तले दबती जा रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में कृत्रिम पेट्रोल-डीजल संकट पैदा कर किसानों और आम नागरिकों को परेशान किया जा रहा है। बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण मालभाड़ा बढ़ा है, जिससे रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो गई हैं।
प्रदर्शन में नीलूराम बघेल, राजेश चौधरी, कविता साहू, अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा, राजेश कश्यप, संतोष सेठिया, रविशंकर तिवारी, लता निषाद, अर्पणा बाजपेई, रजत जोशी, विनोद सेठिया, सुंदरलाल सेठिया, जगन्नाथ बघेल, चमनलाल देहारी, खेमराज सेठिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


No comments