जगदलपुर: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शहर व्यापार प्रकोष्ठ ने मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-15 में प्रस्तावित आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य श...
जगदलपुर: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शहर व्यापार प्रकोष्ठ ने मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-15 में प्रस्तावित आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने आरोप लगाया कि भूमिपूजन के दो वर्ष बाद भी भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, जिससे छोटे बच्चों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जगदलपुर में नगर निगम आयुक्त के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2024 में वर्तमान विधायक और वार्ड पार्षद आलोक अवस्थी की उपस्थिति में आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन किया गया था। इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। वर्तमान में प्राथमिक शाला नया पारा के एक ही कक्ष में बच्चों की पढ़ाई और भोजन पकाने का कार्य संचालित किया जा रहा है।
राजेंद्र पटवा ने कहा कि एक ही कमरे में भोजन और अध्ययन व्यवस्था होने से बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण किसी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वार्ड के बच्चों और महिलाओं की सुविधा के लिए आंगनबाड़ी भवन का जल्द निर्माण बेहद आवश्यक है।
कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी वार्डवासियों के साथ मिलकर बच्चों के हित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।


No comments