दंतेश्वरी मंदिर से निकले राष्ट्रभक्ति के कारवां में स्कूली बच्चों की रही खास भागीदारी, महापौर संजय पांडे ने कहा—तिरंगा हमारी आन, बान और शान ...
दंतेश्वरी मंदिर से निकले राष्ट्रभक्ति के कारवां में स्कूली बच्चों की रही खास भागीदारी, महापौर संजय पांडे ने कहा—तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक
जगदलपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को जगदलपुर में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता के जयघोष के साथ निकले राष्ट्रभक्ति के कारवां ने शहर के प्रमुख मार्गों को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगे के साथ निकला राष्ट्रभक्ति का कारवां
दंतेश्वरी मंदिर से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा सीरासार चौक, गोल बाजार, मेन रोड, कोतवाली, शहीद पार्क, चांदनी चौक और संजय मार्केट चौक होते हुए वापस दंतेश्वरी मंदिर पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग में जगह-जगह लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन किया।
यात्रा में विभिन्न स्कूलों से पहुंचे हजारों विद्यार्थियों की मौजूदगी विशेष आकर्षण रही। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा।
महापौर संजय पांडे ने दिया राष्ट्रसेवा का संदेश
महापौर संजय पांडे ने कहा कि तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, वीरों के बलिदान और देश की गौरवशाली पहचान का प्रतीक है। तिरंगे का केसरिया रंग त्याग और शौर्य, सफेद रंग शांति और सत्य तथा हरा रंग विकास और समृद्धि का संदेश देता है। अशोक चक्र हमें निरंतर कर्म और प्रगति की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल तिरंगा यात्रा में शामिल होने या नारे लगाने तक सीमित नहीं है। अपने शहर को स्वच्छ रखना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना, कानून का पालन करना, जरूरतमंदों की सहायता करना और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी राष्ट्रसेवा का हिस्सा है।
महापौर ने विद्यार्थियों और युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी मजबूत होगी तो देश भी मजबूत होगा।
हर घर तिरंगा फहराने की अपील
महापौर संजय पांडे ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने का आह्वान करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम, वीर शहीदों के त्याग और संविधान के मूल्यों से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। जगदलपुर की तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति सामूहिक संकल्प का संदेश देती है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की सहभागिता
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, बस्तर महाराजा कमलचंद भंजदेव, भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।
पूर्व महापौर सफीरा साहू, ललिता बघेल, राजकुमारी यादव, भाजपा जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही, निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, सुरेश गुप्ता, संजय विश्वकर्मा, योगेंद्र पांडे, त्रिवेणी रंधारी, श्वेता बघेल, संग्राम सिंह राणा, पश्चिम मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, एल्डरमैन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।


No comments