मांग के 24 घंटे के भीतर स्वास्थ्य मंत्री ने दी स्वीकृति, विधायक विनायक गोयल ने हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस रवाना की लोहंडीगुड़ा(विमलेंदु शेखर ...
मांग के 24 घंटे के भीतर स्वास्थ्य मंत्री ने दी स्वीकृति, विधायक विनायक गोयल ने हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस रवाना की
लोहंडीगुड़ा(विमलेंदु शेखर झा)। बिन्ता घाटी क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। क्षेत्र को अब 108 एम्बुलेंस सेवा की सुविधा मिल गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा मांग के 24 घंटे के भीतर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की स्वीकृति दिए जाने के बाद शुक्रवार को लोहंडीगुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से विधायक विनायक गोयल ने हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस को बिन्ता क्षेत्र के लिए रवाना किया।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के चित्रकोट प्रवास के दौरान क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बिन्ता घाटी क्षेत्र के लिए 108 एम्बुलेंस की आवश्यकता से उन्हें अवगत कराया था। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी।
नई एम्बुलेंस सेवा से बिन्ता घाटी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी अथवा अन्य चिकित्सकीय आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में यह सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष डॉ. बसंत कश्यप, मंडल अध्यक्ष मंगतू कश्यप, महामंत्री चंद्रशेखर ठाकुर, एसटी मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी भारत कश्यप, सरपंच डोमूराम कश्यप, एसटी महामंत्री निरंजन बघेल, धूरागांव सरपंच गुड्डू कश्यप, पूर्व मंडल अध्यक्ष बालसिंह ठाकुर सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिन्ता घाटी क्षेत्र में 108 एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी राहत मिलेगी।


No comments