जगदलपुर: तोकापाल ब्लॉक के ग्राम कुरेंगा में हाल ही में प्रशासन द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्था...
जगदलपुर: तोकापाल ब्लॉक के ग्राम कुरेंगा में हाल ही में प्रशासन द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
युवा नेता मोहनीश नाग ने इस मामले में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कार्रवाई केवल कमजोर और गरीब परिवारों पर ही क्यों की जा रही है, जबकि अन्य प्रभावशाली लोगों के कब्जों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुरेंगा में कुछ परिवारों के कब्जे पर जेसीबी चलाकर तोड़फोड़ की गई, जिससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश का माहौल है।
मोहनीश नाग का कहना है कि यदि प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है तो उसे निष्पक्ष और समान रूप से सभी पर लागू करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनिंदा लोगों को निशाना बनाकर कार्रवाई करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए। यदि केवल कमजोर वर्ग के लोगों के घर और कब्जों पर ही कार्रवाई होगी और अन्य लोगों को छोड़ दिया जाएगा, तो इसे न्यायसंगत नहीं कहा जा सकता। ऐसी स्थिति में प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
मोहनीश नाग ने प्रशासन से मांग की है कि कुरेंगा में हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमण हटाना है तो बिना किसी भेदभाव के सभी अवैध कब्जों पर समान कार्रवाई की जाए, ताकि जनता का भरोसा प्रशासन पर बना रहे।


No comments