जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा) जिले में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित और सुचारू रूप से की जा रही है। खाद्य विभाग के खाद्य नियंत्रक ने जानकार...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा)
जिले में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित और सुचारू रूप से की जा रही है। खाद्य विभाग के खाद्य नियंत्रक ने जानकारी देते हुए बताया कि उपभोक्ताओं के लिए रिफिल सिलेंडर बुकिंग की प्रक्रिया ऑयल कंपनियों द्वारा निर्धारित अंतराल के अनुसार संचालित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सामान्य उपभोक्ताओं के लिए दो रिफिल बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतराल निर्धारित है, जबकि उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के लिए यह अवधि 45 दिनों की है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि के बाद ही सिलेंडर बुक करें और किसी भी अफवाह या दुष्प्रचार के प्रभाव में आकर बार-बार ऑनलाइन बुकिंग न करें।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और समय पर सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे गैस एजेंसी के बुकिंग नंबर पर कॉल कर ऑनलाइन बुकिंग करें और होम डिलीवरी सुविधा का लाभ उठाएं।
वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक एलपीजी उपभोक्ताओं को सूचित किया गया है कि गैस की आपूर्ति केवल अत्यावश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर दी जा रही है।
होटल, रेस्टोरेंट संचालकों और विवाह समारोह आयोजकों से अपील की गई है कि वे गैस की खपत कम करने के लिए सीमित मेन्यू रखें और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों जैसे इलेक्ट्रिक इंडक्शन, तंदूर, डीजल स्टोव तथा सीमित मात्रा में लकड़ी या गोबर के कंडों का उपयोग करें।
यदि किसी उपभोक्ता को एलपीजी, पेट्रोल या डीजल की आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या होती है, तो वे खाद्य विभाग के कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 या 1967 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम (0771-2511975) और जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष (7489807170) में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि संयम और जागरूकता के साथ संसाधनों का उपयोग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।


No comments