जगदलपुर: संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर सोमवार को बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने जोरदार प्रदर्शन ...
जगदलपुर: संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर सोमवार को बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत सैकड़ों छात्र-छात्राएं एकजुट होकर NSUI के बैनर तले शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय का घेराव करने पहुंचे।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विशाल खंबारी और प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया ने किया। इस दौरान छात्रों ने “छात्र संघ चुनाव हमारा अधिकार है” जैसे नारों के साथ परिसर को गूंजायमान कर दिया। प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों और विश्वविद्यालयों में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की।
NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य सिंह बिसेन ने कहा कि छात्र संघ चुनाव लाखों विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है, जिसे सरकार द्वारा रोका जाना अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नहीं होने से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पारदर्शिता खत्म हो रही है और विभिन्न योजनाओं व फंड में अनियमितताएं बढ़ रही हैं।
जिलाध्यक्ष विशाल खंबारी ने कहा कि वर्ष 2016 से छात्र संघ चुनावों पर लगी रोक के कारण छात्रों की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों में प्रशासनिक कार्यों में राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ गया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनाव बहाल नहीं किए गए तो आंदोलन और उग्र होगा।
प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव रोकने का फैसला छात्र विरोधी है। उन्होंने दावा किया कि लोकतांत्रिक चुनाव होने पर NSUI को भारी समर्थन मिलेगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि छात्र संघ चुनाव का मुद्दा अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। NSUI नेताओं ने साफ किया कि मांग पूरी नहीं होने पर आने वाले दिनों में राजभवन और मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।




No comments