जगदलपुर: बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने शनिवार को बस्तर जिले के करपावंड तहसील अंतर्गत ग्राम चिउरगांव पहुंचकर चल रहे जनगणना कार्य का ...
जगदलपुर: बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने शनिवार को बस्तर जिले के करपावंड तहसील अंतर्गत ग्राम चिउरगांव पहुंचकर चल रहे जनगणना कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने और उसे दर्ज करने की प्रक्रिया का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जनगणना के महत्व को समझाया और उन्हें अपने परिवार की पूर्ण एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्माण का आधार होते हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
कमिश्नर श्री सिंह ने मौके पर मौजूद प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देशित करते हुए कहा कि डेटा प्रविष्टि में तकनीकी या मानवीय गलतियां बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जनगणना कार्य को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करने पर जोर देते हुए कर्मचारियों के समर्पण और कार्यशैली की सराहना भी की।
इस अवसर पर एसडीएम मनीष वर्मा, तहसीलदार रूपेश मरकाम सहित जनगणना से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments