जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर में आयोजित दो दिवसीय इनोवेशन महाकुंभ 1.0 का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। ...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर में आयोजित दो दिवसीय इनोवेशन महाकुंभ 1.0 का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विष्णुदेव साय ने कहा कि दुनिया में हुए अधिकांश बदलाव नवाचार (इनोवेशन) से ही शुरू हुए हैं। उन्होंने इस आयोजन को बस्तर में उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और यहां के लोग मेहनती हैं। उन्होंने आत्मसमर्पित बच्चों की भागीदारी पर प्रसन्नता जताते हुए भरोसा दिलाया कि बस्तर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने अमित शाह की मंशा के अनुरूप बस्तर को देश का सर्वश्रेष्ठ जनजातीय क्षेत्र बनाने का संकल्प दोहराया। साथ ही उन्होंने ‘नियद नेल्लानार 2.0’ योजना के तहत 10 जिलों में गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और विकसित भारत में बस्तर भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। वहीं विधायक किरण सिंह देव ने 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य में बस्तर की भागीदारी पर जोर दिया।
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि बस्तर में अब शांति एक अवसर के रूप में सामने आई है और युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए पहला कदम खुद उठाना होगा। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने विचारों को मॉडल के रूप में विकसित करने की प्रेरणा दी।
इससे पूर्व कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को उनके आइडिया को व्यवसाय में बदलने के लिए ज्ञान, मेंटरशिप और फंडिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक समस्याओं के समाधान से ही नवाचार विकसित होता है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित अटल द्वार एवं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मार्ग का उद्घाटन भी किया। तकनीकी सत्र में वित्त मंत्री ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि आज का युग नॉलेज-बेस्ड है और समाज के कल्याण के प्रति संवेदनशील रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम में आईआईटी भिलाई के प्रो. राजीव प्रकाश ने बस्तर के 25 छात्रों को उद्यमिता प्रशिक्षण देने की घोषणा की। वहीं टीआईई रायपुर यूनिट, आई-क्रिएट एवं एसएमकेवि-आईएसएफ के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए।
प्रतियोगिता परिणामों में बेस्ट आइडिया श्रेणी में विशाल हालदार प्रथम, गुंजन पटेल द्वितीय और हर्षवर्धन बाजपेयी तृतीय रहे। वहीं बेस्ट स्टार्टअप में विनोद कुमार प्रथम, सलोनी द्वितीय और पीयूष तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन के साथ ही बस्तर में नवाचार और उद्यमिता के नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।



No comments