जगदलपुर: बस्तर की सुरक्षा व्यवस्था अब और अधिक हाईटेक होने जा रही है। अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता को मजबूत बनाने के ...
जगदलपुर: बस्तर की सुरक्षा व्यवस्था अब और अधिक हाईटेक होने जा रही है। अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले को 11 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन और एक आधुनिक फॉरेंसिक मोबाइल वैन की सौगात मिली है।
बुधवार को लालबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विधायक किरण सिंह देव और बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे, नगर निगम सभापति खेम सिंह देवांगन, एसपी शलभ सिन्हा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
अतिथियों ने पूजा-अर्चना के बाद वाहनों का निरीक्षण किया और नई तकनीकी सुविधाओं की जानकारी ली। बताया गया कि 18 मई को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इन अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों और फॉरेंसिक मोबाइल वैन को लॉन्च किया गया था।
जांच और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
नई फॉरेंसिक मोबाइल वैन अपराध जांच में अहम भूमिका निभाएगी। घटना स्थल पर ही वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र करने और प्रारंभिक जांच की सुविधा मिलने से गंभीर अपराधों के खुलासे में तेजी आएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे जांच प्रक्रिया अधिक सटीक और मजबूत होगी।
AI आधारित तकनीक से मिलेगी मदद
प्रदेश में संचालित डायल-112 सेवा को अब सभी 33 जिलों में लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम भी जोड़ा गया है, जिससे मुसीबत में फंसे व्यक्ति की सटीक लोकेशन तुरंत ट्रेस कर सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नई तकनीक से अपराधियों की घेराबंदी और आपातकालीन सेवाओं की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा। इससे आम जनता को त्वरित सहायता और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था मिल सकेगी।


No comments