जगदलपुर: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 80वीं वाहिनी मुख्यालय जगदलपुर में विशेष जागरूकता कार्य...
जगदलपुर: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 80वीं वाहिनी मुख्यालय जगदलपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों और जवानों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व वाहिनी कमांडेंट जितेन्द्र कुमार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी समस्याओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं बल्कि उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।
कमांडेंट ने जवानों और अधिकारियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और फिट सुरक्षा बल ही देश की सुरक्षा में बेहतर योगदान दे सकता है। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं जवानों ने तंबाकू और धूम्रपान का सेवन नहीं करने की शपथ ली तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, ओम कुमार गुप्ता, वेणु बाबू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।



No comments