जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): मोतीलाल नेहरू वार्ड में अधूरे सड़क निर्माण कार्य को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बस्तर जिला कांग्रेस कमे...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): मोतीलाल नेहरू वार्ड में अधूरे सड़क निर्माण कार्य को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के व्यापारी प्रकोष्ठ शहर अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क निर्माण कार्य को तत्काल पूरा करने की मांग की है।
राजेंद्र पटवा ने कहा कि लंबे समय से सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके कारण क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क पर उड़ रही धूल से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, बच्चों और बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि धूल के कारण लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जिस वार्ड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का शासकीय कार्यालय स्थित है और जहां भाजपा पार्षद है, वहीं सड़क निर्माण कार्य का रुक जाना भाजपा सरकार के विकास दावों पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति से व्यापार प्रभावित हो रहा है और लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजेंद्र पटवा ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कर समय पर पूरा कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के साथ मिलकर चक्काजाम और व्यापक जनआंदोलन करेगी।


No comments