जगदलपुर: राजेश चौधरी ने जगदलपुर से दिल्ली तक सप्ताह में कम से कम तीन दिन नियमित ट्रेन चलाने की मांग उठाते हुए केंद्र सरकार और भारतीय रेलव...
जगदलपुर: राजेश चौधरी ने जगदलपुर से दिल्ली तक सप्ताह में कम से कम तीन दिन नियमित ट्रेन चलाने की मांग उठाते हुए केंद्र सरकार और भारतीय रेलवे पर बस्तर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में चलाई गई समर स्पेशल ट्रेन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जगदलपुर से दिल्ली तक डायरेक्ट रेल सेवा संभव है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह रही कि यह ट्रेन केवल सीमित लोगों तक सिमटकर रह गई और आम यात्रियों को सामान्य बुकिंग या तत्काल टिकट में जगह नहीं मिल सकी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया पहले से सुनियोजित प्रतीत होती है और भाजपा सरकार ने इस ट्रेन का उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए किया। हालांकि भारी यात्री संख्या ने यह साबित कर दिया कि इस रूट पर नियमित ट्रेन संचालन की पर्याप्त मांग मौजूद है।
राजेश चौधरी ने कहा कि यदि केवल एक दिन में लगभग 1400 से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है, तो रेलवे विभाग को इस ट्रेन को सप्ताह में कम से कम दो या तीन दिन नियमित रूप से चलाने पर विचार करना चाहिए। इससे रेलवे को भी आर्थिक लाभ मिलेगा और बस्तरवासियों को राजधानी दिल्ली तक सुगम रेल सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि यह ट्रेन इलाज, व्यापार, पर्यटन और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। साथ ही बस्तर और ओडिशा के व्यापारियों को भी देश की राजधानी से बेहतर व्यापारिक संपर्क स्थापित करने में मदद मिलेगी।
अंत में उन्होंने केंद्र सरकार और रेलवे विभाग से मांग की कि समर स्पेशल ट्रेन को नियमित रूप से सप्ताह में तीन दिन संचालित किया जाए, ताकि वर्षों पुरानी रेल मांग पूरी हो सके।


No comments