जगदलपुर: जन अधिकार मोर्चा ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रदेश की सभी यात्री बसों में स्पीड कंट्रोलर लगाने की मांग उठाई है। संगठन के ...
जगदलपुर: जन अधिकार मोर्चा ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रदेश की सभी यात्री बसों में स्पीड कंट्रोलर लगाने की मांग उठाई है। संगठन के प्रदेश प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम कलेक्टर बस्तर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में तेज रफ्तार यात्री बसें लगातार सड़क हादसों का कारण बन रही हैं। प्रतिदिन हो रही दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा रही है और अनेक परिवार प्रभावित हो रहे हैं। संगठन का कहना है कि निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में बस संचालन यात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।
जन अधिकार मोर्चा ने हाल ही में रायपुर-बस्तर मार्ग पर हुई बस दुर्घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि तेज रफ्तार बस पलटने से एक शिक्षिका की मौत हो गई थी। संगठन का मानना है कि यदि बसों में स्पीड कंट्रोलर लगाए जाएं तो ऐसी दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
संगठन ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेश की सभी निजी और यात्री बसों में स्पीड कंट्रोलर अनिवार्य किया जाए और नियमों के पालन के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था बनाई जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान चंद्रिका सिंह, रवि तिवारी, जयंत साहू, विनय मंडल, धीरेन्द्र ठाकुर, मान सिंह और किरण देवांगन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




No comments