जगदलपुर, 11 जून 2026 । बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा परिवहन के आरोप में...
जगदलपुर, 11 जून 2026। बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा परिवहन के आरोप में मध्य प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15.654 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 7.87 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे एक युवक दो बैगों में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है और उसे बिक्री के लिए परिवहन करने की तैयारी में है।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
रेड के दौरान पुलिस ने संदेही युवक को पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम शुभम प्रजापति (28 वर्ष), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, भोपाल (मध्य प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो बैगों में रखे 15.654 किलोग्राम गांजा, एक रियलमी कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी गांजा रखने और परिवहन करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (B) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
नशे के खिलाफ लगातार अभियान
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर, व्यास नारायण, डोलामनी भोई तथा आरक्षक दीपक मिंज, राम ठाकुर, युवराज ठाकुर, कामदेव दर्रो, होरीलाल आर्यों, विपिन मिंज, बामन सेन और परमानंद भोयर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


No comments