रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं श्री दूधाधारी मठ के महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज का जन्म...
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं श्री दूधाधारी मठ के महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज का जन्मोत्सव गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री दूधाधारी मठ में सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों का तांता लगा रहा।
जन्मोत्सव के अवसर पर प्रातःकाल भगवान श्री बालाजी, संकट मोचन हनुमान जी, राम पंचायतन तथा पूज्य स्वामी बलभद्र दास जी महाराज की समाधि सहित मठ परिसर के विभिन्न देवालयों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए।
मठ परिसर स्थित गौशाला में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां गोवंश की पूजा कर उन्हें फल, मिष्ठान और हरा चारा अर्पित किया गया। इसके बाद दोपहर में भोग लगने के पश्चात दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं एवं स्थानीय भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
जन्मोत्सव के अवसर पर शिक्षा, साहित्य, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक संगठनों ने सामूहिक रूप से पहुंचकर महन्त जी महाराज को शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश टी.पी. शर्मा, वर्ल्ड ब्राह्मण फाउंडेशन के सदस्य, छत्तीसगढ़ दशनाम गोस्वामी समाज के पदाधिकारी, महिला मानस मंडली तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।




No comments