उलनार । डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उलनार में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सकारात्मक संस्कार एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को बढ़ावा...
उलनार। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उलनार में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सकारात्मक संस्कार एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हवन-पूजन एवं "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य, ज्ञान, सद्बुद्धि एवं सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की गई। इसके बाद विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इस दौरान सभी विद्यार्थी अपने साथ एक-एक पौधा लेकर आए और उसे रोपकर उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज शंकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार एक पौधे की नियमित देखभाल उसे विशाल वृक्ष बनाती है, उसी प्रकार अच्छे संस्कार, अनुशासन, परिश्रम और शिक्षा बच्चों के जीवन को सफलता की ऊँचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने और सामाजिक जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का समापन स्वच्छ, हरित और समृद्ध भारत के निर्माण तथा पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।



No comments