दंतेवाड़ा: दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला स...
दंतेवाड़ा: दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कृषि अधोसंरचना, लेम्पस भवनों के निर्माण, डेयरी एवं मत्स्य सहकारी समितियों के विकास तथा धान खरीदी व्यवस्था को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में गत वर्ष प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त बड़े तुमनार लेम्पस भवन के पुनर्निर्माण का कार्य जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से कराने का निर्णय लिया गया। वहीं, नाबार्ड की आरआईडीएफ योजना के तहत प्रस्तावित छह लेम्पसों में गोदाम सह कार्यालय भवन निर्माण के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) को तत्काल निविदा जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।
कलेक्टर ने "सहकार से समृद्धि" अभियान के तहत गठित नई डेयरी एवं मत्स्य सहकारी समितियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति जताई और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में लेम्पस समनपुर में नए धान उपार्जन केंद्र की स्थापना के प्रस्ताव पर विचार किया गया। साथ ही लेम्पस गीदम में राहत मिल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसानों को स्थानीय स्तर पर धान प्रसंस्करण और विपणन संबंधी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्वीकृत प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाकर किसानों और ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।
बैठक के निर्णयों से जिले में सहकारी संस्थाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ-साथ कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


No comments