जगरगुंडा, गादीरास और छिंदगढ़ में चलित थाना आयोजित कर साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी सुकमा( विमलेंदु शेखर झा)...
जगरगुंडा, गादीरास और छिंदगढ़ में चलित थाना आयोजित कर साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
सुकमा( विमलेंदु शेखर झा):
सुकमा पुलिस द्वारा संचालित "निवा दुवड़ ते" (आपके आंगन में) अभियान के तहत मंगलवार को थाना जगरगुंडा, गादीरास एवं छिंदगढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चलित थाना एवं जनचौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह (भा.पु.से.) एवं मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना, कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना रहा।
थाना जगरगुंडा पुलिस ने ग्राम राजपेंटा में चलित थाना लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान बाहरी व्यक्तियों एवं फेरीवालों पर नजर रखने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को हिंदी और गोंडी भाषा में जागरूक करते हुए पुलिस-जन सहयोग पर विशेष बल दिया गया।
वहीं थाना गादीरास पुलिस ने ग्राम बोर्रापारा और मनकापाल में जनचौपाल आयोजित कर सड़क दुर्घटना राहत योजना, यातायात नियमों, साइबर ठगी से बचाव और बच्चों की नियमित शिक्षा के महत्व की जानकारी दी। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग भी रखी, जिस पर पुलिस अधिकारियों ने संबंधित वरिष्ठ कार्यालय तक मांग पहुंचाने का आश्वासन दिया। पूर्व में दर्ज मारपीट प्रकरण की तस्दीक कर दोनों पक्षों को समझाइश दी गई तथा भविष्य में विवाद से बचने की सलाह दी गई।
इधर थाना छिंदगढ़ पुलिस ने नक्सल प्रभावित ग्राम अन्दूमपाल में ग्राम पटेल, पुजारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर साइबर अपराध, यातायात नियमों और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी साझा की। साथ ही नक्सली विचारधारा का प्रचार-प्रसार करने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई तथा शांति, सुरक्षा और विकास में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया।
सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा साइबर अपराध की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। "निवा दुवड़ ते" अभियान के माध्यम से पुलिस लगातार सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर जनविश्वास मजबूत करने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।




No comments